07/03/2026

smp24news.com

श्रेष्ठ मध्यप्रदेश 24 न्यूज.कॉम

🌱 बायोडायजेस्टर तकनीक से बढ़ रहा प्राकृतिक खेती का दायरा, किसानों को मिल रहा लाभ

ग्राम मचवारा में किसान प्रीतम लोधी के खेत पर स्थापित बायोडायजेस्टर ट्यूब का निरीक्षण करते अधिकारी।

नरसिंहपुर, मध्य प्रदेश – आत्मा परियोजना के अंतर्गत जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नवाचार के रूप में किसानों के यहां बायोडायजेस्टर ट्यूब स्थापित किए जा रहे हैं। इन बायोडायजेस्टर के माध्यम से जैविक खाद तैयार कर खेती में उपयोग किया जा रहा है, जिससे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो रही है और खेती अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बन रही है। इसी क्रम में परियोजना संचालक आत्मा श्री आरपी झारिया एवं नरसिंहपुर के बीटीएम श्री अरुण परतेती ने ग्राम मचवारा के कृषक श्री प्रीतम लोधी के फार्म का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेत में स्थापित बायोडायजेस्टर ट्यूब तथा प्राकृतिक खेती की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और किसान को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। कृषक श्री प्रीतम लोधी द्वारा आत्मा परियोजना के मार्गदर्शन में लगभग 4 एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है। इस खेती के अंतर्गत गन्ना, अरहर, चना, मटर, धनिया एवं आलू जैसी विभिन्न फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। प्राकृतिक खेती अपनाने से भूमि की उर्वरता में सुधार होने के साथ-साथ उत्पादन लागत में भी कमी आ रही है। किसान प्रीतम लोधी ने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से उर्वरक एवं कीटनाशकों पर होने वाले खर्च में लगभग 65 हजार रुपये प्रतिवर्ष की बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि इससे परिवार को शुद्ध, पौष्टिक और सुरक्षित भोजन मिल रहा है। साथ ही बाजार में जैविक अनाज की बढ़ती मांग के कारण भविष्य में प्राकृतिक रूप से उगाई गई फसलों के बेहतर दाम मिलने की संभावना है। आत्मा परियोजना के माध्यम से जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को लगातार मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किसान इस पद्धति को अपनाकर लाभान्वित हो सकें। यह समाचार SMP24NEWS.com के लिए रिपोर्ट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *