जिले के विकास कार्यों पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश


कलेक्टर की अध्यक्षता में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न
smp24news.com
Date: 9 March 2026
निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
नरसिंहपुर में गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, एम.पी.आर.डी.सी., नर्मदा घाटी विकास परियोजना, पी.आई.यू. तथा एम.पी. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
विभागवार निर्माण कार्यों की प्रगति की ली जानकारी
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैठक में अधिकारियों से विभागवार निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति बनी रहे तथा आमजन को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएं।
मेंटेनेंस कार्य भी समयबद्ध करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ उनके रखरखाव (मेंटेनेंस) के कार्य भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिले के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।