UPSC में नरसिंहपुर की बेटियों का कमाल, दीक्षा पाटकर 88वीं रैंक पर
श्रेष्ठ मध्यप्रदेश 24 न्यूज.कॉम
smp24news.com
Date: 7 March 2026
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले की दो प्रतिभाशाली बेटियों ने नरसिंहपुर का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि इन दोनों बेटियों की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
जिले के ग्राम करकबेल की प्रतिभाशाली छात्रा सुश्री दीक्षा पाटकर ने यूपीएससी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 88वीं रैंक हासिल की है।
दीक्षा पाटकर, श्री हेमराज पाटकर एवं श्रीमती अर्चना पाटकर की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इसी प्रकार नरसिंहपुर के नरसिंह वार्ड की निवासी सुश्री प्राची जैन ने भी यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए 714वीं रैंक हासिल की है।
प्राची जैन, श्री प्रमोद जैन एवं श्रीमती बबीता जैन की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता पर परिवार और शहरवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने दोनों छात्राओं की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि जिले की बेटियों की यह सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।