17/12/2025

smp24news.com

श्रेष्ठ मध्यप्रदेश 24 न्यूज.कॉम

कलेक्टर रजनी सिंह ने दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के द्वितीय चरण की गहन समीक्षा की

नरसिंहपुर | SMP24NEWS 14/12/2025
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने आगामी 17 दिसंबर से शुरू होने वाले दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के द्वितीय चरण की समीक्षा की और अभियान को सफल बनाने के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीम को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान जिले के पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा और दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। अभियान जिले के कुल 13,547 पशुपालकों को कवर करेगा और इसमें 87,313 गोवंश एवं भैंसवंशी पशु शामिल हैं।

द्वितीय चरण में विशेष ध्यान उन पशुपालकों पर होगा जिनके पास 5 या 9 गोवंश या भैंसवंशी पशु हैं। अभियान का उद्देश्य घर-घर जाकर पशुपालकों से सीधे संवाद करना और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के उपाय बताना है।

अभियान को सफल बनाने के लिए 43 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी और 172 गौ-सेवक (गौ-मैत्री सहित) शामिल हैं। इन 215 कर्मियों को मास्टर ट्रेनर द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे पशुपालकों से सार्थक संवाद कर सकें और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रदान कर सकें।

उप संचालक पशुपालन विभाग, डॉ. सुनील कुमार ब्रजपुरिया ने बताया कि गठित टीम घर-घर जाकर पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के वैज्ञानिक तरीके, संतुलित आहार, पोषण प्रबंधन और पशु रोग निवारण के बारे में जानकारी देगी। अभियान सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश की निगरानी में संचालित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *