Home » नरसिंहपुर » नरसिंहपुर सीएमएचओ के सोशल मीडिया पर संवेदनशीलता के संदेश, लेकिन मुख्यालय से नदारद रहने का आरोप; दीपावली पर भी नहीं रहे मौजूद, जिला प्रशासन की निगरानी पर सवाल!
नरसिंहपुर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मुख्यालय में उपलब्धता और जिला प्रशासन की निगरानी पर सवाल

नरसिंहपुर सीएमएचओ के सोशल मीडिया पर संवेदनशीलता के संदेश, लेकिन मुख्यालय से नदारद रहने का आरोप; दीपावली पर भी नहीं रहे मौजूद, जिला प्रशासन की निगरानी पर सवाल!

फेसबुक पर आए दिन स्वास्थ्य सेवाओं और जनहित के पोस्ट-वीडियो, लेकिन विभाग प्रमुख की मुख्यालय में उपलब्धता पर सवाल; सिविल सर्जन भी छुट्टी पर मिले, आखिर विभाग और कार्यालय प्रमुखों की निगरानी कौन कर रहा है?

नरसिंहपुर। जिले में सरकारी विभागों के प्रमुख अधिकारियों की मुख्यालय में उपलब्धता और जिला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग में सामने आई स्थिति ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है। सीएमएचओ डॉ. मनीष कुमार मिश्रा सोशल मीडिया पर आए दिन स्वास्थ्य सेवाओं, जनहित और विभागीय गतिविधियों से संबंधित पोस्ट एवं वीडियो साझा करते रहते हैं। उनके संदेशों से ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें नरसिंहपुर की जनता के स्वास्थ्य और सुविधाओं की बेहद चिंता है। लेकिन दूसरी ओर, उनकी मुख्यालय में नियमित उपलब्धता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दौरान भी उनकी मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।

https://smp24news.com

सवाल यह है कि क्या सरकारी विभागों के प्रमुख अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल सोशल मीडिया पर जनता को जागरूक करने तक सीमित है, या फिर मुख्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय कार्यों और व्यवस्थाओं की निगरानी करना भी उनकी जिम्मेदारी है? यदि विभाग प्रमुख ही नियमित रूप से मुख्यालय में उपलब्ध नहीं रहते, तो जिला प्रशासन उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठा रहा है?

दीपावली पर पांच अस्पतालों में 25 अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था का दावा

दीपावली से पहले जनसंपर्क विभाग के माध्यम से जारी जानकारी में बताया गया था कि पटाखों से जलने और अन्य दुर्घटनाओं की स्थिति से निपटने के लिए जिले के पांच प्रमुख अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की गई है। जिला अस्पताल नरसिंहपुर तथा सिविल अस्पताल गाडरवारा, करेली, तेंदूखेड़ा और गोटेगांव में पांच-पांच अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई थी। इस तरह कुल 25 अतिरिक्त बिस्तरों के साथ आवश्यक दवाओं और उपचार सामग्री उपलब्ध कराने का दावा किया गया था।

इस व्यवस्था को लेकर सीएमएचओ के नाम से जनता को सावधानी बरतने और स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति आश्वस्त रहने का संदेश भी दिया गया। लेकिन त्योहार के बाद अधिकारियों की उपलब्धता को लेकर उठे सवालों ने विभागीय निगरानी और जवाबदेही को चर्चा में ला दिया है।

नरसिंहपुर जनसंपर्क विभाग की फेसबुक पोस्ट में दीपावली पर पांच अस्पतालों में 25 अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की जानकारी – स्क्रीनशॉट
जनसंपर्क विभाग की फेसबुक पोस्ट में दीपावली पर जिले के पांच अस्पतालों में अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी।

 

9 नवंबर को सीएमएचओ से संपर्क का प्रयास, फोन व्यस्त मिला

9 नवंबर 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे सीएमएचओ डॉ. मनीष कुमार मिश्रा से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन व्यस्त मिला। इसके बाद प्रभारी सीएमएचओ डॉ. जी.पी. भनारिया से संपर्क किया गया। उनसे पूछा गया कि क्या वर्तमान में उनके पास सीएमएचओ का प्रभार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हां, इस समय वे चालू प्रभार में हैं।

जब उनसे दीपावली के पिछले 48 घंटों के दौरान जिले में पटाखों अथवा अन्य कारणों से हुई किसी बड़ी दुर्घटना या गंभीर घटना के संबंध में जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने बताया कि ऐसी कोई बड़ी घटना उनके संज्ञान में नहीं आई है।

प्रभारी अधिकारी द्वारा प्रभार संभालने की पुष्टि अपनी जगह है, लेकिन इससे स्थायी विभाग प्रमुख की मुख्यालय में नियमित उपलब्धता और प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल समाप्त नहीं हो जाता।

सिविल सर्जन ने बताया- छुट्टी पर हूं, मुख्यालय में नहीं

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी से भी संपर्क कर दीपावली के दौरान अस्पताल में आए मरीजों और दुर्घटनाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में कुछ छोटे-मोटे मामले जरूर आए थे, लेकिन कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

जब उनसे मुलाकात के लिए पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वे छुट्टी पर हैं और मुख्यालय में मौजूद नहीं हैं। उन्होंने दो-तीन दिन बाद मिलने की बात कही।

सिविल सर्जन का अवकाश पर होना अपने आप में अनियमितता नहीं है, यदि अवकाश स्वीकृत है और वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। लेकिन यह जानना जरूरी है कि जिला अस्पताल की प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए उस दौरान क्या व्यवस्था थी और उसकी निगरानी किसके द्वारा की जा रही थी।

जिला प्रशासन की निगरानी आखिर कहां है?

यह मामला केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं है। जिले के प्रत्येक विभाग और कार्यालय के प्रमुख की जिम्मेदारी है कि वे अपने मुख्यालय में उपलब्ध रहें और शासकीय कार्यों की नियमित निगरानी करें। अधिकारियों के अवकाश, मुख्यालय से बाहर रहने और अतिरिक्त प्रभार की स्थिति में भी कार्यालयीन व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

ऐसे में जिला प्रशासन से सवाल है कि क्या विभाग प्रमुखों और कार्यालय प्रमुखों की नियमित उपस्थिति की समीक्षा की जाती है? क्या मुख्यालय में अनुपलब्ध रहने वाले अधिकारियों के संबंध में कोई निगरानी व्यवस्था है? क्या कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाता है? और यदि कोई विभाग प्रमुख नियमित रूप से मुख्यालय में उपलब्ध नहीं रहता, तो उसके विरुद्ध जवाबदेही तय करने की क्या प्रक्रिया है?

सोशल मीडिया की सक्रियता के साथ कर्तव्य निर्वहन भी जरूरी

जनता को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी देना और त्योहारों पर विशेष व्यवस्थाओं की घोषणा करना अच्छी बात है। लेकिन सरकारी पद पर बैठे अधिकारी की वास्तविक जिम्मेदारी कार्यालयीन उपस्थिति, प्रशासनिक निगरानी और जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने से भी जुड़ी होती है।

सीएमएचओ की मुख्यालय में नियमित उपलब्धता को लेकर उठ रहे सवालों और दीपावली के दौरान उनकी मौजूदगी की स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर जिला प्रशासन को तथ्य सामने रखने चाहिए। वहीं सिविल सर्जन के अवकाश के दौरान जिला अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी जानी चाहिए।

सवाल यह नहीं है कि प्रभार किसने संभाला, क्योंकि प्रभारी सीएमएचओ डॉ. जी.पी. भनारिया इसकी पुष्टि कर चुके हैं। असली सवाल यह है कि विभाग और कार्यालय प्रमुख मुख्यालय में कितने नियमित रूप से उपलब्ध रहते हैं और जिला प्रशासन उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्या कर रहा है?

SMP24NEWS.COM | 7999236598

यह खबरें भी पढ़ें — 

🔹 RTI में सवाल: सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस की निगरानी कौन करता है?
स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही, नियमों और निगरानी व्यवस्था को लेकर SMP24NEWS की विशेष पड़ताल।
👉 https://smp24news.com/government-doctors-private-practice-rti-investigation/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Weather Update

Cricket Score

advertisement box

News Portal Websites in India

Rashifal