दो-दो मंत्री फिर भी मनमानी! जिला आयुष विभाग में कंपाउंडर कार्यालय में तैनात, ग्रामीण मरीज बेहाल
श्रेष्ठ मध्यप्रदेश 24 न्यूज.कॉम
📍 नरसिंहपुर | विशेष संवाददाता, SMP24NEWS
जिला आयुष कार्यालय, नरसिंहपुर में अधिकारियों की मनमानी और छाया संचालन पर अब सवालों की बौछार होने लगी है। जिले में दो-दो मंत्री होने के बावजूद आयुष विभाग में चल रही मनमर्जी पर कोई लगाम नहीं लग पा रही है।
खास बात यह है कि तीन कंपाउंडरों—संजीव सोनी, लोकमन धुर्वे और दीपक कतिया—को जिला औषधालय में अटैच करके कार्यालयी कामों में लगाया गया है, जबकि उनकी मूल तैनाती ग्रामीण आयुर्वेदिक औषधालयों में मरीजों की सेवा के लिए की गई थी।
फिलहाल ये तीनों जिला कार्यालय में बैठकर फाइलें उठाने, डाक लाने-ले जाने, और फोटोकॉपी कराने जैसे कार्यों में व्यस्त हैं।
जिला आयुष कार्यालय में पहले से ही चार स्थायी सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी पदस्थ हैं — भूपेंद्र दुबे, आदित्य शर्मा, अभिलाष कतिया, और राहुल गवांडे। इसके बावजूद कंपाउंडरों से दफ्तरी काम लेना साफ़ तौर पर मानव संसाधन का दुरुपयोग और सेवा नियमों का उल्लंघन है।
SMP24NEWS को प्राप्त वीडियो में तीनों कंपाउंडर जिला कार्यालय में दफ्तरी कार्य करते साफ़ नज़र आ रहे हैं। इस अटैचमेंट का सीधा असर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है:
डॉ. सूर्यप्रकाश जोशी के पदभार संभालने के बाद व्यवस्था बदलने की उम्मीद थी। लेकिन सूत्रों के अनुसार, आज भी फैसले, स्टाफ की नियुक्तियाँ और कार्यालय संचालन पूर्व जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरतना सिंह चौहान के इशारे पर ही हो रहा है।
यह सवाल उठाता है कि क्या वर्तमान जिला आयुष अधिकारी स्वतंत्र निर्णय ले पा रहे हैं या किसी के “छाया निर्देशन” में काम कर रहे हैं?
📰 SMP24NEWS — जनता के सवाल, बिना डर के