नगर में सफाई, सीवर लाइन, सड़क, पेयजल और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर कांग्रेस ने CMO को सौंपा ज्ञापन
नरसिंहपुर | SMP24NEWS.COM
नरसिंहपुर शहर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नगर पालिका की कार्यप्रणाली के विरोध में नगर पालिका कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर में सफाई व्यवस्था, सीवर लाइन निर्माण, पेयजल, जर्जर सड़कों, जल निकासी और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर नारेबाजी करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की लापरवाही और उदासीनता के कारण शहर की मूलभूत व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी।
http://👉 नरसिंहपुर की ताज़ा खबरें पढ़ें – https://smp24news.com/

नगर पालिका पर लगाए भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप
पूर्व विधायक सुनील जायसवाल ने कहा कि विपक्ष होने के नाते कांग्रेस भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर में लगातार समस्याएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका की लापरवाही के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
जनपद अध्यक्ष शैलेंद्र राजपूत और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) धनीराम पटेल ने कहा कि मुख्य मार्गों के अलावा अधिकांश वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही है। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
जिला सेवादल अध्यक्ष अतुल चौरसिया ने आरोप लगाया कि पूरे शहर में कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं तथा नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से वे बजबजा रही हैं।
यातायात और सीवर लाइन कार्य पर भी उठे सवाल
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेक पटेल ने कहा कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष रोहित पटैल ने कहा कि सीवर लाइन निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है, जिसके कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पेयजल और जल निकासी की समस्या का भी उठाया मुद्दा
पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता देवेंद्र शुक्ला ने आरोप लगाया कि शहर के कई वार्डों में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। कई स्थानों पर मिट्टी मिला पानी आने की शिकायतें हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कई क्षेत्रों में उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान पानी भर जाता है और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आवारा पशुओं से दुर्घटनाओं की आशंका
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इसके कारण यातायात प्रभावित हो रहा है तथा कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
7 दिन का अल्टीमेटम
मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि नगर की प्रमुख समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी तथा नगर का कचरा वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के निवास के बाहर एकत्रित कर विरोध प्रदर्शन करेगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में अभय राय, विजय आजाद, प्रतीक त्रिवेदी, मनोज राव, मिक्की राय, प्रभात तिवारी, अरविंद चौबे, रितेश नामदेव, अंकुर बटरी, अभिषेक जाट, अमित श्रीवास्तव, गोल्डी खान, ललित राव, आजाद खान, शिवम पाठक, यशवंत सेन, राजकुमार सोनी, निखिल सराठे, अभिषेक लेवि, किरीट ठाकुर, अनूप शुक्ला, यशवंत श्रीवास, रीतेश राय, विकास पटैल, कैलाश नोरिया, शेख रिजवान अली, रामू यादव, कृष्णा पटवा, ऋषिराज मुस्करया, सोनू शाह, दिनेश प्रजापति, अमन शाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादकीय टिप्पणी
यह समाचार कांग्रेस द्वारा जारी जानकारी और प्रदर्शन के दौरान दिए गए बयानों पर आधारित है। यदि नगर पालिका प्रशासन या संबंधित पक्ष इस मामले पर अपना पक्ष प्रस्तुत करना चाहता है, तो SMP24NEWS.COM उसे भी समान प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।





